Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

त्रिपुरा में भाजपा सदस्य की हत्या, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर को आग के हवाले किया

अगरतला, 23 जून (भाषा) पश्चिम त्रिपुरा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सदस्य की कथित तौर पर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने एक आरोपी के घर में आग लगा दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पश्चिम त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नमित पाठक ने बताया कि मृतक की पहचान समीर दास के रूप में हुई है, जो कठलतली स्थित एक स्थानीय क्लब के सचिव भी थे।

पाठक ने बताया कि दास जब आधी रात के करीब एक निमंत्रण से लौट रहे थे, तब उनके सिर पर फावड़े से वार किया गया।

उन्होंने बताया कि इस हत्या के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध के पीछे की वजह की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों का दावा है कि इस हमले के पीछे जो लोग शामिल थे, वे भी क्षेत्र में भाजपा सदस्यों के रूप में ही जाने जाते हैं।

एसपी ने बताया कि दास का खून से लथपथ शव मिलने के बाद महिलाओं के एक समूह ने एक आरोपी के बड़े भाई के घर पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों ने उन्हें परिसर में दाखिल होने से रोक दिया।

उन्होंने बताया कि कुछ घंटों बाद सैकड़ों ग्रामीणों ने घर के बाहर इकट्ठा होकर उसमें आग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।

एसपी ने कहा, 'अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।'

अमताली थाने के प्रभारी परितोष दास ने बताया कि हत्या को लेकर जनता के भारी आक्रोश को देखते हुए दोनों आरोपियों के परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप