Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

सीबीआई ने 2022 के बोगटुई नरसंहार मामले में फरार आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2022 के बोगटुई नरसंहार मामले में फरार आरोपी रोहन एसके को मंगलवार को कोलकाता से गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में 10 लोगों को जिंदा जला दिया गया था और रोहन चार वर्षों तक कानून का सामना करने से बचता रहा था।

उन्होंने बताया कि सीबीआई ने 25 मार्च 2022 को कलकत्ता उच्च न्यायालय के निर्देश पर यह मामला दर्ज किया था और राज्य पुलिस से जांच का जिम्मा संभाला था।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि जांच के बाद एजेंसी ने आरोपपत्र दाखिल किया। इसके बाद वर्ष 2022 से 2024 के दौरान रोहन समेत 27 आरोपियों के खिलाफ तीन पूरक आरोपपत्र भी दाखिल किए गए, लेकिन वह कभी जांच में शामिल नहीं हुआ और फरार रहा।

बयान में कहा गया, 'चूंकि आरोपी छिपा हुआ था और मुकदमे की प्रक्रिया से बच रहा था, इसलिए रामपुरहाट की अदालत ने पांच अप्रैल, 2024 के आदेश के तहत उसे फरार अपराधी घोषित कर दिया था। उसे कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट से गिरफ्तार किया गया है और बुधवार को पूर्व बर्धमान की अदालत में पेश किया जाएगा।'

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोगटुई गांव में 21 मार्च 2022 को एक स्थानीय तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता की हत्या के बाद हुई आगजनी और हिंसा में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश