Breaking News

दिल्ली में CJP प्रदर्शन को लेकर अब तक कुल 10 FIR दर्ज     |   आज कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेगी बीजेपी, राहुल के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन की तैयारी     |   लगातार बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा रोकी गई     |   यूपी भाजपा आज प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर बूथ सम्मेलन आयोजित करेगी     |   सिक्किम लैंडस्लाइड में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 20 हुआ, 5 फंसे लोगों को बचाने की कोशिश जारी     |  

पहाड़ी इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही: मणिपुर के गृह मंत्री

इंफाल, 23 जून (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने मंगलवार को कहा कि राज्य के पहाड़ी जिलों में अशांति से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा यूनिट भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि राज्य में हथियारों को जमा कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

कोंथौजम ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि घाटी क्षेत्रों में सुरक्षा स्थिति अपेक्षाकृत शांत है, जिससे सुरक्षा बल पहाड़ी इलाकों में ऑपरेशन पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘घाटी क्षेत्रों में छोटी-मोटी घटनाएं हो सकती हैं, हालांकि पहाड़ी इलाकों में अशांति बनी हुई है। हमें घाटी क्षेत्रों में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने की कोशिश करनी चाहिए ताकि सुरक्षा बल पहाड़ी क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सकें।’’

मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्र राज्य के लगभग 90 प्रतिशत भौगोलिक हिस्से में फैले हुए हैं और हाल के महीनों में यहां आदिवासी समुदायों के विरोधी सशस्त्र समूहों के बीच तनाव बढ़ा है।

मंत्री ने कहा, ‘‘अपराधियों को पकड़ने के लिए पहाड़ी इलाकों में और सुरक्षा बल तैनात किए जा रहे हैं, जिनमें सीआरपीएफ की कोबरा यूनिट भी शामिल है, क्योंकि घाटी वाले इलाकों में अब कम गड़बड़ी है। हथियार जमा करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।’’

हथियार लूटने के मामले में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा 'अरामबाई टेंगगोल' के तीन कथित सदस्यों की हालिया गिरफ्तारी पर कोंथौजम ने कहा कि राज्य सरकार ने इस मामले पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से चर्चा की है।

हालांकि, मंत्री ने कहा कि खुफिया जानकारी से पता चला है कि घाटी के इलाकों में अभी भी अवैध हथियार मौजूद हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपील करते हैं कि उन हथियारों को सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया जाए ताकि एनआईए, सीबीआई या राज्य पुलिस को और गिरफ्तारियां न करनी पड़ें।’’

भाषा आशीष संतोष

संतोष