Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

जयशंकर ने मंगोलियाई समकक्ष से मुलाकात करके रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की

उलानबातर, 22 जून (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को मंगोलियाई विदेश मंत्री बैटसेटसेग बटमुंख से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच विकास परियोजनाओं, क्षमता निर्माण, सुरक्षा एवं बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।

अपनी दो देशों की यात्रा के पहले चरण में उलानबातर पहुंचे जयशंकर ने मंगोलियाई विदेश मंत्री से मुलाकात को लेकर प्रसन्नता जतायी।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘हमारी चर्चाओं में हमारे रणनीतिक साझेदारी की गर्मजोशी, मजबूती और संभावनाओं की झलक मिली। हमने विकास परियोजनाओं, क्षमता निर्माण, संस्कृति, शिक्षा, सुरक्षा और बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।’’

दोनों नेताओं ने खनन, स्वच्छ ऊर्जा और कृषि-प्रसंस्करण के क्षेत्रों में अवसरों पर भी चर्चा की।

जयशंकर ने कहा, ‘‘एक तीसरे पड़ोसी और आध्यात्मिक साझेदार के रूप में भारत, मंगोलिया के साथ अपने घनिष्ठ और सौहार्दपूर्ण संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है।’’

मंगोलियाई स्टेट सेक्रेटरी मुंकटुशिंग इल्खानजाव ने जयशंकर के आगमन पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

जयशंकर ने कहा, ‘‘हम अपनी विशेष साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उपयोगी बैठकों की उम्मीद करते हैं।’’

विदेश मंत्री जयशंकर मंगोलिया से बुधवार को दक्षिण कोरिया जाएंगे, जो उनकी दो दिवसीय यात्रा का अंतिम चरण होगा।

सियोल में जयशंकर अपने दक्षिण कोरियाई समकक्ष चो ह्यून के साथ वार्ता करेंगे। साथ ही वे बृहस्पतिवार को ‘जेजू फोरम फॉर पीस एंड प्रॉस्पेरिटी’ में मुख्य भाषण भी देंगे।

जेजू फोरम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का एक मंच है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के नेता और विशेषज्ञ भाग लेते हैं।

यह यात्रा भारत की एशियाई साझेदारों के साथ संबंध मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य क्षेत्रीय सहयोग और स्थिरता को बढ़ावा देना है।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप