Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

दक्षिण अफ्रीका के तेज आक्रमण के खिलाफ मंधाना की परीक्षा : शिखा पांडे

मैनचेस्टर, 20 जून (भाषा) भारत की पूर्व तेज गेंदबाज शिखा पांडे का मानना है कि टी20 महिला विश्व कप में ग्रुप ए के अहम मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ स्मृति मंधाना की असल परीक्षा होगी ।

भारत ने अपने अभियान की मजबूत शुरूआत करते हुए दोनों मैच जीते लेकिन पांडे का मानना है कि मंधाना और शेफाली वर्मा की जोड़ी के सामने दक्षिण अफ्रीका के तेज आक्रमण के रूप में सबसे कठिन चुनौती होगी ।

पांडे ने ‘जियो हॉटस्टार’ के ‘गेमप्लान’ में कहा कि शेफाली वर्मा और दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल का मुकाबला भी रोचक होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने भारत को अच्छी शुरूआत दी है लेकिन अब उनके सामने सबसे कठिन चुनौती है । इस टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका का गेंदबाजी आक्रमण सर्वश्रेष्ठ है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ शबनम इस्माइल ने शानदार वापसी की है और अब वह अच्छी रफ्तार से गेंदबाजी कर रही हैं । मरियाने काप भी पाकिस्तान के खिलाफ तीन विकेट ले चुकी हैं । दोनों भारतीय सलामी बल्लेबाजों के सामने स्विंग, सीम और उछाल की चुनौती पेश करेंगी ।’’

भारत की पूर्व बल्लेबाज वेदा कृष्णामूर्ति ने जेमिमा रौड्रिग्स का बचाव करते हुए कहा कि वह जल्दी ही फॉर्म में लौटेंगी ।

उन्होंने कहा ,‘‘ इस टी20 विश्व कप में जेमिमा के फॉर्म को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है । उसका आकलन कुछ मैचों के आधार पर नहीं किया जा सकता ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ वनडे विश्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ पारी और आस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मैच जिताने वाली पारी से उसने साबित कर दिया था कि वह क्या कर सकती है । टीम और प्रबंधन उसके साथ है ।’’

भाषा मोना पंत

पंत