Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

युवक ने तीन लोगों के ऊपर चाकू से हमला कर आत्महत्या का प्रयास किया, गिरफ्तार

नोएडा (उप्र), 19 जून (भाषा) जनपद गौतमबुद्ध नगर के कुलेसरा गांव में रहने वाले एक युवक ने शुक्रवार को दो बच्चों समेत तीन लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी ने चाकू से अपने गले पर चोट पहुंचाकर जान देने का प्रयास किया। हालांकि, सभी की हालत खतरे से बाहर है।

पुलिस का दावा है कि आरोपी दिमागी रूप से कमजोर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि कुलेसरा गांव निवासी सोनू त्यागी ने बताया कि वह शुक्रवार को पुस्ता रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास से निकल रहे थे, इसी बीच संजय कुमार नामक युवक वहां पहुंचा और उसने अचानक चाकू से उनके गले पर वार कर दिया।

सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने सात वर्षीय कीर्तिक और नौ वर्षीय मिलन पर भी चाकू से हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि हमले में कीर्तिक को चोटें आईं, मिलन के बाएं हाथ की उंगली में चाकू लगने से वह घायल हुआ।

सिंह ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी संजय कुमार ने स्वयं अपने गले पर भी चाकू मार लिया, जिससे वह भी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी कुलेसरा में अपने परिवार के साथ रह रहा है, फिलहाल वह घर में अकेला था। उसकी पत्नी और बच्चे कहीं गये हुए थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी की दिमागी हालत ठीक नहीं है और उसका इलाज चल रहा है।

भाषा शफीक

शफीक