Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

पंजाबियों के बारे में भाजपा नेता की टिप्पणी से खड़ा हुआ विवाद

चंडीगढ़, 19 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप), कांग्रेस एवं शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी की चंडीगढ़ इकाई के अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने “पंजाबी विरोधी” टिप्पणी की और समुदाय का अपमान किया।

हालांकि मल्होत्रा ने कहा कि अगर उनकी किसी टिप्पणी से कोई आहत हुआ है तो वह विनम्रतापूर्वक माफी मांगते हैं।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब में विरोध प्रदर्शन किए। उन्होंने भाजपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उनसे बिना शर्त माफी मांगने को कहा। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और मल्होत्रा के खिलाफ नारेबाजी की तथा उनका पुतला भी फूंका।

उन्होंने दावा किया कि मल्होत्रा ने 'वास्तव में भाजपा नेताओं के मन में पंजाबियों के प्रति पल रही गहरी नफरत को उजागर कर दिया है।'

चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने भी शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेता का पुतला फूंका और शहर के भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस ने अवरोधक लगाकर उन्हें रोक दिया।

प्रदर्शन में शामिल आप नेता योगेश ढींगरा ने कहा, 'चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष का पंजाबियों को 'भावनात्मक रूप से मूर्ख' कहना पूरे पंजाबी समुदाय का अपमान है।'

आप के प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंजाबियों ने देश की आजादी के लिए बड़े बलिदान दिए हैं, देश की सीमाओं की रक्षा की है और देश के अन्न भंडार भरे हैं, लेकिन 'पंजाबियों का अपमान करना निंदनीय है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंजाब के लोग जानते हैं कि पंजाबियों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों को लोकतांत्रिक तरीके से कैसे जवाब देना है।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा पंजाब और पंजाबियों का सम्मान करती है तो उसे इस बयान से खुद को अलग करना चाहिए और संबंधित नेता के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

आलोचनाओं का सामना करने के बाद मल्होत्रा ने कहा कि यह शब्द समुदाय के लिए इस्तेमाल नहीं किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल उन्हें निशाना बनाने के लिए खेल कार्यक्रम के एक अधूरे वीडियो प्रसारित कर रहे हैं।

मल्होत्रा ने यहां मीडिया से कहा, 'फिर भी यदि मेरी टिप्पणी से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो मुझे इसका खेद है। कार्यक्रम में मैं अपने बारे में बात कर रहा था, पंजाबियों के बारे में नहीं।'

मल्होत्रा ने कहा, 'मैं एक पंजाबी हूं। मेरा पालन-पोषण अमृतसर में हुआ है और आज मैं चंडीगढ़ में रहता हूं। मुझे पंजाबी होने पर गर्व है और मैं हमेशा पंजाबी ही रहूंगा।'

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने मल्होत्रा के बयान के लिए माफी की मांग की।

उन्होंने कहा, “पंजाब के लोगों को भावुक, बदमाश मूर्ख कहना भाजपा की पंजाब और पंजाबियत के प्रति सोच को फिर से उजागर करता है। पंजाबी जरूर भावुक हैं, लेकिन मूर्ख नहीं हैं। अपने स्वाभिमान और अधिकारों के लिए खड़ा होना हमारी पहचान है।”

शिरोमणि अकाली दल की चंडीगढ़ इकाई ने भी भाजपा नेता की टिप्पणी की निंदा करते हुए उनसे माफी की मांग की।

भाषा जोहेब अविनाश

अविनाश