ठाणे, 19 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे ज़िले के भिवंडी में पिज्जा खाने के बाद 34 लोग बीमार पड़ गए। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी और कहा कि यह भोजन विषाक्तता का मामला हो सकता है।
पुलिस के अनुसार यह घटना बृहस्पतिवार को हुई और बीमार लोगों में कई बच्चे शामिल हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे से ही लोग पेट दर्द, चक्कर और दस्त की शिकायत करते हुए सरकारी अस्पताल पहुंचने लगे।
उन्होंने कहा, ''प्रभावित लोगों के आने का सिलसिला आज सुबह तक जारी रहा। कुल 34 मरीज़ों को भर्ती किया गया और सभी खतरे से बाहर हैं।’’
उन्होंने बताया कि उन सभी ने बुधवार रात खाने-पीने की एक दुकान से पिज्जा खरीदा था।
पुलिस के अनुसार दुकान के मालिक के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा अविनाश जोहेब
जोहेब