नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने कुआलालंपुर से आए एक भारतीय यात्री से लगभग 34.67 करोड़ रुपये की हेरोइन जब्त की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 16 जून को हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर पहुंचे यात्री को सीमा शुल्क अधिकारियों ने रोका।
इसमें कहा गया है कि यात्री के पास मौजूद दो ट्रॉली बैग की जांच के दौरान अधिकारियों को चार पैकेट मिले जिनमें सफेद रंग का पाउडर मिला जिसके हेरोइन होने का संदेह था।
बरामद पदार्थ का वजन 6.93 किलोग्राम है और शुरुआती जांच में इसके हेरोइन होने की पुष्टि हुई।
बयान के अनुसार, जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान की अनुमानित कीमत लगभग 34.67 करोड़ रुपये है।
यात्री को स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) अधिनियम के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश