नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की हालिया विदेश यात्रा को शुक्रवार को “ अत्यंत सार्थक” बताया और कहा कि भारत में आने वाले दिनों में इसके “सकारात्मक व दूरगामी परिणाम” दिखाई देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 13 से 18 जून तक फ्रांस और स्लोवाकिया की यात्रा संपन्न करने के बाद लौट आए हैं। यात्रा के दौरान उन्होंने जी7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया और विश्व के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।
प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा को “अत्यंत सार्थक” बताते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इसने भारत की आर्थिक प्रगति के साथ-साथ देश में प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और कौशल विकास क्षेत्रों में भी एक नया आयाम जोड़ा है।
उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से कहा, “पूर्वी यूरोपीय देश स्लोवाकिया के साथ एक महत्वपूर्ण संबंध की स्थापना आज प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा के दौरान भारत द्वारा हासिल की गई एक बहुआयामी उपलब्धि है।”
भाजपा के राज्यसभा सदस्य त्रिवेदी ने कहा, “इस यात्रा के अत्यंत सकारात्मक और दूरगामी परिणाम आने वाले समय में दिखाई देंगे।”
त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा का एक ‘‘सबसे महत्वपूर्ण परिणाम’’ भारत और फ्रांस के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा डेटा संरक्षण पर द्विपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर होना रहा।
भाजपा नेता ने कहा कि इस समझौते ने दोनों देशों के बीच सहयोग को एक नये स्तर पर पहुंचा दिया है।
उन्होंने कहा, ''ऐसे समय में जब कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में वैश्विक प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है, इस साझेदारी से एआई के क्षेत्र में एक नये और प्रभावशाली ध्रुव की स्थापना की संभावना है। अब तक इस क्षेत्र पर मुख्य रूप से एक या दो देशों का ही दबदबा रहा है।''
भाषा जोहेब सुभाष
सुभाष