Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

आईसीसी प्रमुख शाह और बीसीसीआई सचिव सैकिया ने एसएलसी की अंतरिम समिति से मुलाकात की

कोलंबो, 19 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को यहां कोलंबो की संक्षिप्त यात्रा के दौरान श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का कामकाज संभाल रही अंतरिम समिति से मुलाकात की।

श्रीलंका क्रिकेट की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘बातचीत सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक रही जिसमें श्रीलंका में क्रिकेट प्रशासन की मौजूदा स्थिति और संचालन में बदलाव की प्रक्रिया की देखरेख कर रही समिति की प्रगति पर ध्यान केंद्रित किया गया। ’’

बैठक के दौरान श्रीलंका क्रिकेट ने शाह और सैकिया को संचालन व्यवस्था को मजबूत करने और सुधार प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए अब तक उठाए गए कदमों के बारे में पूरी जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल को श्रीलंका क्रिकेट के भीतर लंबे समय तक स्थिरता और अच्छा संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संवैधानिक और प्रशासनिक सुधारों से संबंधित चल रहे कार्यों के बारे में भी बताया गया।

आईसीसी प्रतिनिधिमंडल को सुचारू और पारदर्शी बदलाव की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी गई।

शाह ने इस अपडेट का स्वागत किया और मजबूत संचालन, पारदर्शिता और खेल के निरंतर विकास को बढ़ावा देने में अपने सदस्य बोर्डों का समर्थन करने के लिए आईसीसी की प्रतिबद्धता को दोहराया।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘श्रीलंका क्रिकेट ने कोलंबो आने और श्रीलंका में क्रिकेट प्रशासन की भविष्य की दिशा पर रचनात्मक बातचीत करने के लिए शाह और सैकिया का आभार व्यक्त किया। ’’

इस बैठक में क्रिकेट के विकास, द्विपक्षीय सहयोग और श्रीलंका क्रिकेट, आईसीसी और बीसीसीआई के बीच संबंधों को और मजबूत करने से संबंधित मामलों पर चर्चा करने का अवसर भी मिला।

भाषा नमिता मोना

मोना