Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

कुलदीप को अपनी लय हासिल करनी होगी, कई खिलाड़ी कतार में : टेन डोइशे

चेन्नई, 19 जून (भाषा) भारत के सहायक कोच रियान टेन डोइशे स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का फॉर्म अस्थायी तौर पर खराब रहने से चिंतित नहीं हैं लेकिन उन्हें कहा कि कलाई के इस स्पिनर को जबर्दस्त प्रतिस्पर्धा में आगे रहने के लिये अपनी लय हासिल करनी होगी ।

कुलदीप ने जनवरी 2025 के बाद से 15 वनडे में 22 विकेट लिये हैं । इसी दौरान टी20 क्रिकेट में 14 मैचों में भी उन्होंने 22 विकेट चटकाये हैं । आईपीएल 2026 में वह दिल्ली कैपिटल्स के लिये दस ही विकेट ले सके ।

आईपीएल में खराब प्रदर्शन के कारण वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिये भारत की टी20 टीम में जगह नहीं बना सके ।

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे वनडे से पहले टेन डोइशे ने कहा ,‘‘ उसने पिछले मैच में अच्छी गेंदबाजी की । उसने पिछले कुछ समय से लगातार नहीं खेला है और टेस्ट में भी नहीं । उसे लेकर कोई चिंता नहीं है ।’’

धर्मशाला में पहले मैच से बाहर रहने के बाद वह लखनऊ में दूसरे मैच में विकेट नहीं ले सके थे ।

टेन डोइशे ने कहा ,‘‘ हमें हमेशा रहस्यमय स्पिनर टीम में रखना पसंद है । लेकिन जिस तरह से खेल बदल रहा है और बल्लेबाज स्पिनरों को बखूबी खेल रहे हैं , अब स्पिनरों को समय समय पर कुछ नया करना होगा ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘कुलदीप और बाकी स्पिनरों को भी । स्पिन कोच साइराज बहुतुले को उन पर काम करना होगा । यह सभी के लिये है कि टीम में अपनी जगह बनाने के लिये प्रतिस्पर्धा काफी है । टीम हमेशा खास भूमिका और संतुलन को ध्यान में रखकर चुनी जाती है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे कुलदीप की प्रतिभा पर संदेह नहीं है लेकिन कई खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिये कतार में है । हमें उसे लगातार अच्छे प्रदर्शन के लिये प्रेरित करना होगा ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता