Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

होशियारपुर में मिठाई की दुकान पर गैस रिसाव होने से आग लगी, पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलसे

होशियारपुर (पंजाब), 19 जून (भाषा) होशियारपुर के टांडा कस्बे में बृहस्पतिवार रात एक मिठाई की दुकान में वाणिज्यिक सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण आग लग गई, जिसमें आग बुझाने के प्रयासों के दौरान लगभग पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

टांडा के थाना प्रभारी गुरिंदरजीत सिंह नागरा ने शुक्रवार को बताया कि यह घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जब कर्मचारी दुकान के अंदर काम कर रहे थे। फास्ट-फूड बनाने वाली जगह में लगे एक गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई और खाना पकाने वाले क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

हालांकि, आस-पास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों के समय पर किए गए प्रयासों से आग को दुकान के मुख्य हिस्से तक फैलने से पहले ही काबू में कर लिया गया। स्थिति के काफी हद तक नियंत्रण में आने के कुछ ही देर बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारी ने बताया कि आग सिर्फ फास्ट-फूड बनने वाले क्षेत्र तक ही सीमित रही, जिससे भीड़-भाड़ वाले बाजार के इलाके में एक बड़ी घटना होने से टल गई।

पुलिस ने बताया कि घटना और उसके बाद आग बुझाने के प्रयासों के दौरान लगभग पांच कर्मचारी मामूली रूप से झुलस गए। उसने बताया कि सभी का टांडा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार किया गया।

भाषा

शुभम माधव

माधव