Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

विश्व टीम स्नूकर : चीन से हारकर भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ा

गुआंगडोंग (चीन), 19 जून (भाषा) भारत को शुक्रवार को विश्व टीम स्नूकर चैंपियनशिप के रोमांचक फाइनल में मेजबान चीन ‘ए’ के हाथों 2-3 से मिली हार से रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

मुकाबला 2-2 से बराबरी पर था और भारत के आदित्य मेहता निर्णायक फ्रेम में ली चेंगजी के खिलाफ लड़खड़ा गए। वह गलतियों से भरे इस मैच में अहम मौकों का फायदा नहीं उठा पाए।

उमस भरे मौसम में दोनों खिलाड़ी संघर्ष कर रहे थे, लेकिन मेहता खिताब के लिए हुए इस निर्णायक मुकाबले में पिछड़ गए।

भारत के स्टार खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने चेंगजी के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत हासिल कर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई।

अपनी रणनीतिक समझ के लिए मशहूर आडवाणी ने संयम बनाए रखा और 36 के निर्णायक ब्रेक के साथ उन्होंने फ्रेम अपने नाम किया।

मेहता इसके बाद जू जियारुई से 34-66 से हार गए।

युगल मुकाबले में आडवाणी और मेहता की भारतीय जोड़ी जियारुई और पैन यिमिंग से हार गई। चीन की जोड़ी ने 32 और 33 के ब्रेक बनाकर 2-1 की बढ़त बना ली।

आडवाणी ने एक बार फिर अपने सटीक खेल से भारत की वापसी कराई। 11 बार के राष्ट्रीय चैंपियन ने जियारुई के खिलाफ 82-4 की शानदार जीत में 36, 16 और 17 के ब्रेक बनाए।

लेकिन निर्णायक फ्रेम में मेहता अपनी लय नहीं ढूंढ पाए और भारत को जीत नहीं दिला सके।

भाषा नमिता मोना

मोना