Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

ठाणे में 2025 में हुई हत्या के मामले में तमिलनाडु से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया

ठाणे, 19 जून (भाषा) ठाणे में पिछले साल एक होटल मालिक की हत्या के मामले में वांछित 25 वर्षीय व्यक्ति को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान समीम सगीर अहमद हाशमी के रूप में हुई है। उसे 17 जून को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया और बाद में ठाणे लाया गया।

ठाणे अपराध शाखा के वरिष्ठ निरीक्षक विजय कुमार देशमुख ने कहा, “गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। मुखबिरों से मिली सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर हमने तमिलनाडु में उसके ठिकाने का पता लगाया।”

पुलिस ने बताया कि हाशमी ठाणे के शील-दाइघर क्षेत्र स्थित एक होटल में काम करता था लेकिन कामकाज संतोषजनक नहीं होने के कारण उसे नौकरी से हटा दिया गया था।

पुलिस के अनुसार, नौकरी से हटाए जाने से नाराज हाशमी 21 जनवरी, 2025 को अपने साथियों के साथ होटल पहुंचा और होटल के साझेदार फैजल सैयद (31) पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

शील-दाइघर पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक श्रीराम पोल ने कहा, “इस मामले में कुल चार आरोपी थे। अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। हाशमी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्या के मामले में नामजद सभी आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं।”

भाषा

राखी माधव

माधव