Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

बल्लेबाजी कोच के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ेंगे युवराज सिंह

(कुशान सरकार)

नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) सीमित ओवरों के दिग्गज बल्लेबाज युवराज सिंह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़ने के लिए तैयार हैं। इस घटनाक्रम पर नजर रखने वाले आईपीएल सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप दोनों में भारत के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे युवराज ने हाल के वर्षों में भारत के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल और दुनिया के नंबर एक टी20 खिलाड़ी अभिषेक शर्मा के निजी मेंटोर के तौर पर काम किया है।

यहां तक ​​कि ऋषभ पंत ने भी खराब फॉर्म के दौरान युवराज से सलाह ली थी।

दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज का यह आईपीएल में पहला कोचिंग करार होगा।

युवराज ने अपने प्रतिस्पर्धी करियर को अलविदा कहने से पहले कुल 132 मैचों में से अपना आखिरी आईपीएल मैच 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए खेला था।

आईपीएल सूत्र ने कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव होगा क्योंकि समझौते के अनुसार जेएसडब्ल्यू 2027-28 सत्र के लिए प्रबंधन संभालेगा। वेणुगोपाल राव, हेमांग बदानी और मुनाफ पटेल की तिकड़ी को नए सहयोगी स्टाफ के लिए जगह बनानी होगी जिन्हें सह मालिक जीएमआर ने नियुक्त किया था। ’’

सूत्र ने पीटीआई से कहा, ‘‘सौरव गांगुली क्रिकेट निदेशक का पद संभालेंगे और युवराज बल्लेबाजी कोच के तौर पर टीम से जुड़ेंगे। ’’

समझौते के अनुसार सह मालिक जीएमआर और जेएसडब्ल्यू बारी-बारी से दो साल के लिए पुरुषों की टीम का कामकाज संभालते हैं।

दिल्ली कैपिटल्स पिछले दो सत्र में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई।

माना जा रहा है कि गांगुली ही युवराज को टीम में शामिल करना चाहते थे क्योंकि उनका बाएं हाथ के इस बल्लेबाज पर उनके पहले अंतरराष्ट्रीय कप्तान के तौर पर काफी प्रभाव रहा है।

गांगुली क्रिकेट निदेशक के तौर पर जेएसडब्ल्यू की एसए20 फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स और दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम की भी देखरेख करते थे। वहीं युवराज को सिर्फ पुरुषों की टीम की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या दिल्ली कैपिटल्स मौजूदा टीम के एक या दो खिलाड़ियों के बदले ऋषभ पंत के लिए ट्रेड कर सकती है या नहीं, जो लखनऊ सुपर जायंट्स छोड़ने के लिए तैयार हैं।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर