Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

कोलकाता हवाई अड्डे पर इंडिगो के यात्री विमान पर बिजली गिरी

कोलकाता, 19 जून (भाषा) कोलकाता हवाई अड्डे पर आंधी-तूफान के दौरान अगरतला जा रहे इंडिगो के एक विमान पर आकाशीय बिजली गिर गई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यह घटना क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश के बीच हुई। एयरपोर्ट ऑपरेशंस कंट्रोल सेंटर (एओसीसी) ने पहले ही मौसम संबंधी चेतावनी जारी कर चुका था।

उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।

इंडिगो का यात्री विमान 6ई6068 (वीटी-आईपीडब्ल्यू) एयरोब्रिज 56एल पर खड़ा था तभी सुबह करीब साढ़े नौ बजे उस पर बिजली गिर गई।

उन्होंने कहा कि बिजली गिरने से विमान की विद्युत प्रणाली प्रभावित हुई, जिससे उसकी बिजली आपूर्ति अचानक बंद हो गई।

जब विमान पर बिजली गिरी, उस समय ए320 विमान में 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे।

अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर एयरलाइन ने यात्रियों को विमान से उतार लिया और बाद में उन्हें ए321 विमान से रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर प्रस्थान करने वाली यह उड़ान यात्रियों को लेकर दोपहर 12.50 बजे रवाना हुई।

इंडिगो के अनुसार, इस घटना में दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकीय जांच के बाद उन्हें तत्काल छुट्टी दे दी गई।

कोलकाता और उससे सटे जिलों में शुक्रवार सुबह से आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई तथा यातायात प्रभावित हुआ।

भाषा

राखी संतोष

संतोष