नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के पहले महिला पुलिस थाने का शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करना और उनके खिलाफ अपराधों से बेहतर ढंग से निपटना है।
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सब्जी मंडी थाना परिसर में दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा की उपस्थिति में इस पुलिस थाने का उद्घाटन किया।
संधू ने कहा कि यह पुलिस थाना राजधानी की महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के समक्ष रखने और उनका समाधान कराने के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने कहा कि इसी तरह की सुविधाएं जल्द ही अन्य जिलों में भी स्थापित की जाएंगी।
उपराज्यपाल ने यह भी घोषणा की कि शनिवार से शहर के सभी पुलिस थानों में ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसके तहत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे और उनके निस्तारण की दिशा में आवश्यक कदम उठाएंगे।
अधिकारियों ने इस बात पर प्रकाश डाला कि यह नवनिर्मित पुलिस थाना दिल्ली का पहला ऐसा थाना है जहां पूरी तरह से महिला कर्मचारी तैनात हैं।
इस पुलिस थाने की स्थापना महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों को रोकने, उनकी जांच करने और उनके समाधान पर विशेष ध्यान देने के लक्ष्य के साथ की गई है।
इस पुलिस थाने के सभी कर्मचारी, जांच अधिकारियों से लेकर सहायक कर्मचारियों तक, महिलाएं हैं।
पुलिस ने यह भी बताया कि यह थाना सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने और महिलाओं के अधिकारों तथा कानूनी उपायों के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगा, परामर्श प्रदान करेगा और संपर्क अभियान चलाएगा।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा