Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री ने कोलकाता में ‘रन फॉर योग’ मैराथन को हरी झंडी दिखाई

कोलकाता, 19 जून (भाषा) केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को यहां 21 जून को निर्धारित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह से पहले संयुक्त रूप से ‘रन फॉर योग’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

सैकड़ों लोगों के साथ, शुभेंदु और जाधव ने शहर के मध्य भाग में कोलकाता नगर निगम (केएमसी) मुख्यालय से राइटर्स बिल्डिंग तक लगभग दो किलोमीटर की दौड़ में भाग लिया।

यह आयोजन ‘फिटनेस’ और स्वस्थ जीवन के बारे में जागरुकता बढ़ाने के लिए पूरे कोलकाता में आयोजित की गई 11 ‘योग रन’ में से एक था।

पश्चिम बंगाल इस वर्ष राष्ट्रीय स्तर के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की मेजबानी कर रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां रेड रोड पर इस कार्यक्रम का नेतृत्व करने वाले हैं। इस वर्ष के उत्सव का विषय ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ है।

शुभेंदु ने केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव और कई राज्य मंत्रियों के साथ इस दौड़ में भाग लिया।

इस अवसर पर राज्य के खेल मंत्री इंद्रनील खान, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्र पॉल, उद्योग मंत्री तापस राय, टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस और राज्य सरकार तथा केएमसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

जाधव ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस2026 से पहले, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ कोलकाता में कोलकाता नगर निगम से राइटर्स बिल्डिंग तक ‘दौड़ से ध्यान 2026’ मैराथन को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई।’’

केंद्रीय मंत्री ने दौड़ के बाद पेस और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ एक योग सत्र में भी भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए शुभेंदु ने सक्रिय भागीदारी के लिए सभी को धन्यवाद दिया और कहा कि योग शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और एक स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने वाले एक वैश्विक आंदोलन के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘सिटी ऑफ जॉय फिटनेस और वेलनेस के लिए दौड़ रहा है। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले, आज सुबह मैंने कोलकाता में ‘दौड़ से ध्यान 2026’ मैराथन को हरी झंडी दिखाई। यह अद्भुत पहल स्वास्थ्य, स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और समग्र कल्याण के मूल्यों को एक साथ लाती है।’’

इसी तरह की ‘योग रन’ शहर भर में 10 अन्य स्थानों पर एक साथ आयोजित की गईं।

भाषा खारी शोभना

शोभना