Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

भारत दुनिया के लिए 'भरोसेमंद साझेदार' के तौर पर उभर रहा : प्रधानमंत्री मोदी

(तस्वीरों के साथ)

पेरिस, 18 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत दुनिया के लिए एक 'विश्वसनीय साझेदार' के रूप में उभर रहा है और इस बात पर जोर दिया कि देश ऐसे क्षेत्रों में निवेश कर रहा है जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रगति, नवाचार और अवसरों को बढ़ाएंगे।

फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतवंशियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि यह भारत की विकास यात्रा का एक निर्णायक दौर है, जिसमें आकांक्षाएं नयी ऊंचाई को छू रही हैं।

पेरिस के सबसे बड़े इनडोर सभागारों में से एक 'साल प्लेएल' में आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने कहा, ‘‘एक समय था जब देशों के बीच संबंध केवल व्यापार के आधार पर तय होते थे, लेकिन आज व्यापार के साथ-साथ विश्वास भी उतना ही महत्वपूर्ण हो गया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हर देश एक विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला चाहता है। हर देश एक स्थिर साझेदारी चाहता है। हर देश ऐसे साझेदारों की तलाश में है जिन पर लंबे समय तक भरोसा किया जा सके। ऐसे समय में भारत दुनिया में विश्वसनीय साझेदार के रूप में उभर रहा है।’’

मोदी ने कहा कि एवियॉन में जी7 की बैठक में उन्होंने भरोसे पर आधारित साझेदारियों के महत्व पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जी-7 शिखर सम्मेलन में भारत का संदेश साफ़ था: ‘ग्लोबल गवर्नेंस’ तभी असरदार होगा जब वह सबको साथ लेकर चलने वाला हो; वैश्विक प्रगति तभी टिकाऊ होगी जब उसका फायदा सबको मिले और तकनीक से मानवता को तभी सही मायने में फायदा होगा जब वह भरोसेमंद हो।’’

मोदी ने कहा कि दुनिया अनिश्चितता और उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘मुश्किल समय में फ्रांस और भारत के बीच की साझेदारी भरोसे, स्थिरता और सहयोग का एक मजबूत आधार बन गई है।’’

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दोनों देशों ने अपने संबंधों को विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया है।

मोदी ने कहा कि दोनों देश अगले वर्ष ‘तृष्णा’ उपग्रह का प्रक्षेपण करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपग्रह विश्व में जल और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

मोदी ने कहा कि वह फ्रांस उस समय पहुंचे हैं जब उनकी सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार 12 साल तक देश की सेवा करना मेरे जीवन का बहुत बड़ा सौभाग्य रहा है। यह भारत के लोकतंत्र की ताकत है, जिसने एक चाय बेचने वाले को इस पद तक पहुंचाया है।’’

मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अलग-अलग क्षेत्र में जबरदस्त तरक्की देखी है। उन्होंने कहा, ‘‘सिर्फ आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि भारत का सफर लोगों को सशक्त बनाने और उनकी जिंदगी बदलने का भी है।’’

उन्होंने कहा कि आज भारत की कहानी सिर्फ आर्थिक तरक्की की कहानी नहीं है बल्कि यह सामाजिक बदलाव की कहानी भी है।

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘आज का भारत और उसके युवा बहुत बड़े सपने देख रहे हैं। भारत के किसान नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं। भारत की महिलाएं नए नेतृत्व का परिचय दे रही हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘आज से 50 या 100 साल बाद जब इस दौर का आकलन किया जाएगा तो यह बात सामने आएगी कि यह दौर भारत की आकांक्षाओं से प्रेरित था। आज का भारत भविष्य का पूरा ‘इकोसिस्टम’ (व्यवस्थाएं और सुविधाएं) तैयार कर रहा है। भारत उन सभी क्षेत्रों में निवेश कर रहा है जो आने वाले दशकों की दिशा तय करेंगे।’’

इससे पहले मोदी का स्वागत ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ किया गया।

भाषा शुभम शफीक

शफीक