Breaking News

कॉकरोच जनता पार्टी ने कोलकाता में कल प्रोटेस्ट के लिए पुलिस से इजाज़त मांगी     |   जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक आंशिक रूप से बहाल, अभी हल्के वाहनों को अनुमति     |   बिहार में पेपर लीक अब माना जाएगा संगठित अपराध, सम्राट चौधरी सरकार का बड़ा फैसला     |   किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रोटेस्ट को समर्थन दिया     |   राहुल गांधी के आवास पर बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक सांसद गांधी स्मृति के लिए रवाना     |  

गाजियाबाद में महिला को खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज

गाजियाबाद, 18 जून (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र में 24 वर्षीय एक महिला को खुदकुशी के लिए उकसाए जाने का मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने यह कदम परिजन की शिकायत के आधार पर उठाया, जिसमें आरोप गया है कि एक सामुदायिक बैठक के दौरान महिला को सार्वजनिक तौर पर अपमानित किया गया और फिर एक पड़ोसी और उसके रिश्तेदारों ने उसका लगातार उत्पीड़न किया।

शिकायत के मुताबिक, क्षेत्र में 14 जून को सामुदायिक बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें शिजरा को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया।

पीड़िता के भाई सुऐब ने आरोप लगाया कि इस बैठक के बाद उसकी बहन को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया गया और कई धमकियां दी गईं, जिससे वह अवसाद में चली गई।

मृतक के परिजन की ओर से 17 जून को दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि पड़ोसी मोहम्मद समीर और उसके परिजनों द्वारा लगातार उत्पीड़न के बाद शिजरा ने यह कठोर कदम उठाया।

परिजन का दावा है कि शिजरा और समीर के बीच प्रेम प्रसंग था और समीर ने उससे शादी करने का वादा किया था और उससे वित्तीय मदद भी ली थी।

परिजन के मुताबिक, दोनों के बीच संबंध खराब होने के बाद समीर कुछ समय पहले अचानक लापता हो गया, जिसके लिए उसके घरवालों ने शिजरा को जिम्मेदार ठहराया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 14 जून को समीर, उसके परिजन और कुछ अन्य लोग शिजरा के घर आए, अपशब्द कहे और धमकी दी।

इसमें कहा गया है कि लगातार उत्पीड़न से शिजरा की मानसिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई और उसने 16 जून को अपने घर में खुदकुशी कर ली।

मोदीनगर के सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिवार की शिकायत पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस नामजद आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।

भाषा

सं राजेंद्र पारुल

पारुल