Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, अवैध हथियार और कारतूस बरामद

नयी दिल्ली, 14 जून (भाषा) बाहरी दिल्ली में टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो कथित सदस्यों को अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि होलंबी खुर्द इलाके में उनकी गतिविधियों के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद अपराध शाखा ने विशाल पंडित (22) और दीपांशु (26) को पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास एक-एक गैर-कानूनी अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और छह कारतूस थे।

पुलिस ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों के लिए उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही एक कार भी जब्त की गई।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान पंडित और दीपांशु ने खुलासा किया कि वे ताजपुरिया गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और सोशल मीडिया के जरिए गिरोह के दूसरे सदस्यों के संपर्क में थे।

जांचकर्ताओं को शक है कि बाहरी दिल्ली में हाल ही में हुई गोलीबारी की घटना से उनका संबंध हो सकता है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के समय, वे कथित तौर पर विरोधी गोगी गिरोह के सदस्यों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रहे थे।

वर्ष 2023 में तिहाड़ जेल के अंदर ताजपुरिया की हत्या के बाद दोनों गिरोह के बीच दुश्मनी और बढ़ गई थी।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ताजपुरिया की मौत के बाद उसके गिरोह की गतिविधियों को हिम्मत उर्फ ​​चीकू संभाल रहा था और वह महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज एक मामले में पैरोल तोड़ने के बाद से फरार था।

पुलिस ने बताया कि पंडित और दीपांशु ने यह भी खुलासा किया कि उन्हें हाल ही में गिरोह के 'हैंडलर' से हथियार और गोला-बारूद मिले थे और वे संभावित निशाने के बारे में निर्देशों का इंतजार कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, पंडित और दीपांशु पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं, जिनमें हत्या की कोशिश, जबरन वसूली और शस्त्र अधिनियम का उल्लंघन जैसे मामले शामिल हैं।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप