Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

झारखंड: राज्यसभा चुनाव में भाकपा माले के विधायक ‘इंडिया’ गठबंधन के लिए मतदान करेंगे

रांची, 14 जून (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-मार्क्सवादी लेनिनवादी (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि पार्टी के दोनों विधायक झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव में ‘इं‍डिया’ गठबंधन के पक्ष में मतदान करेंगे।

भट्टाचार्य ने यह भी आरोप लगाया कि निर्दलीय उम्मीदवार का समर्थन करने की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘चाल’ नाकाम कर दी जाएगी।

राज्य में राज्यसभा की दो सीट के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार बैद्यनाथ राम, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी चुनाव लड़ रहे हैं।

भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा, ‘‘राज्य में राज्यसभा चुनाव में भाकपा (माले) लिबरेशन का वोट ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में जाएगा। हमारे (दोनों) विधायक पार्टी के इसी के तहत मतदान करेंगे।’’

उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए दो एजेंट भी नियुक्त किए गए हैं।

भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि भाजपा द्वारा परिमल नथवानी को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतारने की रणनीति विफल हो जाएगी और विधायक उनके खिलाफ मतदान करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राजग के पास राज्य विधानसभा में नथवानी को चुनाव जिताने लायक संख्या बल नहीं है, जब तक कि मतदान के दौरान विपक्षी विधायकों द्वारा क्रॉस-वोटिंग ना हो।

चुनाव जीतने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता वोट हासिल करने जरूरी हैं।

झारखंड विधानसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के कुल 56 सदस्य हैं, जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं।

वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 24 विधायक हैं, जिसमें भाजपा के 21, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास), ‘ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन’ और जनता दल यूनाइटेड का एक-एक विधायक है।

इसके अलावा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा का भी एक विधायक है। राज्य की एक राज्यसभा सीट शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी जबकि दूसरी सीट दीपक प्रकाश का कार्यकाल 21 जून को पूरा होने के कारण रिक्त हो रही है।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित