Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

जयपुर में रक्तदाताओं को किया गया सम्मानित, युवाओं से की गई रक्तदान की अपील

जयपुर, 14 जून (भाषा) विश्व रक्त दाता दिवस पर यहां आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में रक्त दाताओं को सम्मानित किया गया और वक्ताओं ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया।

रक्तकोष फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयपुर के पुलिस आयुक्त सचिन कुमार मित्तल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे महान सेवाओं में से एक है।

उन्होंने कहा कि रक्त किसी मशीन या प्रयोगशाला में नहीं बनाया जा सकता, यह केवल मानव शरीर में बनता है और दान के माध्यम से ही जरूरतमंद तक पहुंचता है।

उन्होंने रक्तकोष फाउंडेशन द्वारा रक्तदान जागरुकता एवं स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को अनुकरणीय बताया।

रक्तकोष फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी ने युवाओं से नियमित रक्तदान करके लोगों का जीवन बचाने की इस मुहिम को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की स्थापना इस उद्देश्य से की गई थी कि किसी भी जरूरतमंद की जान रक्त के अभाव में न जाए और यह सभी को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य के रक्तवीरों के समर्पण से यह अभियान आज एक सशक्त जनसेवा आंदोलन का रूप ले चुका है।

आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में राजस्थान के 30 जिलों से रक्तदाताओं ने भाग लिया। रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली टीमों व युवाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रक्तदान जागरुकता के लिए रक्तकोष फाउंडेशन, कला चर्चा ट्रस्ट एवं राजस्थान ललित कला अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कला शिविर की रक्तदान विषयक कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया।

साथ ही रक्तसंग्रहण वाहिनी में पुलिस आयुक्त मित्तल व संस्थापक डॉ. सोनी सहित कई रक्तदाताओं ने रक्तदान भी किया।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब