Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

बिहार: नीट और अन्य परीक्षाओं के फर्जी प्रश्न-पत्र बेचने के आरोप में चार लोग गिरफ्तार

मुजफ्‍फरपुर, 14 जून (भाषा) बिहार पुलिस ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) समेत विभिन्न परीक्षाओं के फर्जी प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को बेचने के आरोप में मुजफ्फरपुर जिले से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को दी।

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष, अमन कुमार, कन्हैया कुमार और हर्ष कनोडिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने चारों आरोपियों को शनिवार शाम गिरफ्तार कर उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए।

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने रविवार को पत्रकारों को बताया, ‘‘गिरफ्तार आरोपी एक ऐसे गिरोह का हिस्सा हैं, जो नीट सहित विभिन्न परीक्षाओं के फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर परेशान और चिंतित अभिभावकों को ठगता था। इसके लिए वे सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करते थे।’’

उन्होंने बताया, ‘‘इसी तरह के आरोप में दो जून को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालू घाट इलाके से गिरफ्तार किए गए मनीष झा की ओर से दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने शनिवार को उसके चार साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।’’

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और आरोपियों के कथित कबूलनामे से पता चला कि वे सोशल मीडिया मंच के जरिए अभ्यर्थियों को यह दावा करके झांसे में लेते थे कि वे उन्हें परीक्षा के प्रश्नपत्र उपलब्ध करा सकते हैं।

अधिकारी ने बताया, ‘‘आरोपी, लोगों से बैंक खातों में ऑनलाइन रुपये मंगवाते थे और बाद में यह रकम मनीष झा को पहुंचा देते थे।’’

उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

भाषा जितेंद्र अमित

अमित