श्रीनगर, 31 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर में सेना ने तीन लोगों को पकड़ लिया और कथित तौर पर देश से बाहर निकलने के उनके प्रयास को विफल कर दिया, जबकि एक अलग घटना में जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार को बारामूला जिले के उरी क्षेत्र में सेना और पुलिस द्वारा एक संयुक्त अभियान शुरू किया गया था।
चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'सोपोर के दो व्यक्तियों को सतर्क चिनार योद्धाओं ने उरी सेक्टर में अपने सहयोगी गाइड के साथ शत्रुतापूर्ण इरादे से भागने का प्रयास करते समय पकड़ लिया। जांच जारी है।'
अधिकारियों ने पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान आदिल हुसैन, इशफाक लोन और जाफर हाफिज के रूप में की है।
इसी क्षेत्र में एक अलग घटना में सेना के जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करते समय पीओके के एक व्यक्ति को रोका और पकड़ लिया।
सेना ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक अन्य पोस्ट में कहा, 'उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पार करते समय सतर्क चिनार योद्धाओं द्वारा रोके जाने के बाद पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के एक घुसपैठिए को पकड़ लिया गया। सैनिकों ने उसे कानूनी कार्यवाही के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस को सौंप दिया है।'
अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान के पहचान पत्र के आधार पर उस व्यक्ति की पहचान मुजफ्फरबाद के रहने वाले 22 वर्षीय जीशान मीर के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच के दौरान मीर ने अधिकारियों को बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आने के बाद उसने सीमा पार एक लड़की से मिलने के लिए एलओसी पार की थी।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश