देहरादून, 31 मई (भाषा) नोएडा का एक ट्रैकर उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में पिंडारी ग्लेशियर से लौटते समय लापता हो गया, जिसकी तलाश के लिए राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि कपकोट पुलिस थाने ने 29 मई की रात को बागेश्वर में एसडीआरएफ चौकी को विशेष चौहान नामक ट्रैकर के लापता होने के बारे में सूचित किया।
अधिकारियों के मुताबिक, विशेष एक स्थानीय ‘पोर्टर’ के साथ पिंडारी ग्लेशियर की ओर रवाना हुए थे।
उन्होंने बताया कि वापसी के दौरान वह ‘पोर्टर’ से बिछड़ गए और निर्धारित समय के भीतर बेस कैंप पर नहीं पहुंचे, जिसके बाद एसडीआरएफ से मदद के लिए अनुरोध किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, हेड कांस्टेबल टीका सिंह कार्की के नेतृत्व में एसडीआरएफ की एक टीम स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।
उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान बचाव दल के सदस्य ‘पोर्टर’ की ओर से बताए गए संदिग्ध स्थान पर रस्सियों की मदद से लगभग 60 से 70 मीटर की गहराई में उतरे।
अधिकारियों ने बताया कि हालांकि ट्रैकर का अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है, लेकिन खोज दल ने घटनास्थल से उनका कैमरा बरामद कर लिया है।
उन्होंने कहा कि कैमरा मिलने के बाद पिंडर नदी के किनारे और आसपास के वन क्षेत्रों में तलाश अभियान तेज कर दिया गया है।
हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम के कारण शनिवार को अभियान को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया था।
उन्होंने बताया कि रविवार को मौसम में थोड़ा सुधार होते ही टीम ने लापता ट्रैकर का पता लगाने का अभियान फिर शुरू कर दिया।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश