Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

पिछले तीन दिन में ‘बेबेसिया’ संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया: गुजरात के मंत्री मोढवाडिया

गिर सोमनाथ, 31 मई (भाषा) पिछले तीन दिन में शेरों में ‘बेबेसिया’ संक्रमण का कोई नया मामला सामने नहीं आया है, जबकि 17 शेरों की निगरानी की जा रही है। गुजरात के वन मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया ने रविवार को यह जानकारी दी।

मोढवाडिया संदिग्ध संक्रमण के कारण आठ शावकों की मौत के बाद की स्थिति की समीक्षा करने के लिए गिर शेर क्षेत्र स्थित जमवाला बचाव केंद्र, बाबरिया वन क्षेत्र और जसधार पशु देखभाल केंद्र गये।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल कुल 17 शेरों को निगरानी में रखा गया है। पिछले तीन दिन में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। इसके अलावा, आसपास के इलाकों और निकटवर्ती क्षेत्रों में मौजूद शेरों पर भी नजर रखी जा रही है। चिकित्सकों की एक टीम लगातार काम कर रही है।’’

गिर अभयारण्य के बाहर के राजस्व क्षेत्रों में, विशेष रूप से गिर सोमनाथ के गिर गढ़ाडा और अमरेली जिले के बाबरा कोट में, ‘बेबेसिया’ संक्रमण के संदेह के कारण शेरों की मौत की खबरें सामने आई हैं।

बेबेसिया परजीवी जनित रोग है, जो किलनी (टिक) के माध्यम से फैलता है। इससे प्रभावित जानवरों में कमजोरी, खांसी और नाक से तरल पदार्थ निकलने जैसे लक्षण दिखते हैं।

मोढवाडिया ने बाद में ‘एक्स’ पर कहा कि पिछले तीन दिन में संदिग्ध संक्रमण के कारण किसी भी शेर की जान जाने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए वन विभाग द्वारा उठाए गए ‘‘प्रभावी उपायों’’ की भी प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर, वन अधिकारी, पशु चिकित्सा विशेषज्ञ और अन्य कर्मी शेरों के स्वास्थ्य एवं कल्याण की निगरानी के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।

मंत्री ने इससे पहले कहा था कि अधिकारियों ने उन क्षेत्रों के 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले शेरों को एक-दूसरे से पृथक कर दिया था, जहां संक्रमण की सूचना मिली थी।

भाषा

देवेंद्र सुभाष

सुभाष