नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के गणना चरण की शुरुआत हो गई है। निर्वाचन आयोग ने रविवार को यह जानकारी दी।
आयोग ने 14 मई को 16 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में चरणबद्ध तरीके से एसआईआर का तीसरा चरण शुरू किया था। शनिवार से शुरू हुए गणना चरण के दौरान, बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और सत्यापन करेंगे।
मतदाता अपने विधिवत भरे हुए फॉर्म बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
जिनके फॉर्म 28 जून या उससे पहले निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को प्राप्त हो जाएंगे, उन्हें मसौदा मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
जो मतदाता समय सीमा तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाते हैं, वे दावा और आपत्ति अवधि के दौरान निर्धारित घोषणा पत्र के साथ प्रपत्र 6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं।
वर्तमान चरण में शामिल चारों राज्यों में मिलाकर 3.67 करोड़ से अधिक मतदाता हैं। ओडिशा में सबसे अधिक 3.34 करोड़ से अधिक मतदाता है और उनके लिये 38,123 बीएलओ और 8,391 बीएलए हैं।
मिजोरम में 8.75 लाख, सिक्किम में 4.71 लाख और मणिपुर में 20.92 लाख मतदाता हैं।
निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने और घर-घर जाकर की जाने वाली गणना के दौरान चुनाव अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है ताकि सटीक और समावेशी मतदाता सूचियां सुनिश्चित की जा सकें।
आयोग ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यह सुनिश्चित करने के लिए शुरू किया गया था कि सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाए और अपात्र व्यक्तियों को शामिल होने से रोका जाए।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, पात्रता तिथि पर 18 वर्ष या उससे अधिक आयु का प्रत्येक भारतीय नागरिक, जो कानून के तहत अन्यथा अयोग्य नहीं है, मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का हकदार है।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश