Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

दिल्ली में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 31 मई (भाषा) बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद चार आपराधिक मामलों में वांछित हिमांशु भाऊ गिरोह के एक कथित सदस्य को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 26 वर्षीय आशीष उर्फ ​​डॉन के रूप में हुई है, जिसे यूईआर-दो अंडरपास के पास उसकी गतिविधियों के बारे में मिली सूचना के बाद शनिवार रात को एक टीम ने पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, आशीष के अपने एक सहयोगी से मिलने के लिए उस स्थान पर आने और अवैध हथियार ले जाने की सूचना मिलने के बाद एक टीम ने जाल बिछाया।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 11:30 बजे जब पुलिस दल ने उसे रोका और आत्मसमर्पण करने को कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर भागने की कोशिश में गोली चला दी। पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की, जिससे कुछ देर तक गोलीबारी हुई। पुलिस ने बताया कि इस दौरान एक गोली हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट को लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद आशीष को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि उसके पास से एक अर्ध-स्वचालित पिस्तौल और दो खाली कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस अधिकारी ने बताया, 'आरोपी पहले 10 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और चार मामलों में वांछित था, जिनमें रनहोला इलाके में गोलीबारी की घटना, मुंडका में मारपीट और आपराधिक धमकी का मामला, कंझावला थाने में दर्ज गोलीबारी का एक अन्य मामला और छावला थाने में दर्ज लूटपाट का मामला शामिल है।'

पुलिस ने बताया कि उसके सहयोगियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं और अन्य आपराधिक गतिविधियों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप