Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

मप्र के छतरपुर में व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काटा; गंभीर रूप से घायल

छतरपुर (मध्यप्रदेश), 31 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपना गुप्तांग काट कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह घटना जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर की दूरी पर स्थित महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुई।

व्यक्ति के परिजनों के अनुसार, राममिलन यादव (42) ने शनिवार सुबह गंभीर रूप से घायल होने के बाद अपने चचेरे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी।

परिजन उसे तत्काल महाराजपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल व्यक्ति का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें उसे यह कहते सुना जा सकता है कि वह रामलीला मंडल का संचालन करता है और वह ‘‘काम और क्रोध’’ की भावना से परेशान रहता था।

वीडियो में उसे यह भी कहते सुना जा सकता है, ‘‘इसलिए मैंने सोचा कि मैं अपनी काम वासना को खत्म कर दूं और कुल्हाड़ी से मैंने अपना गुप्तांग काट दिया।’’

व्यक्ति ने कहा, ‘‘अब राम भजन करना, देश सेवा और देश का कल्याण करना ही मेरा उद्देश्य है।’’

राममिलन के चचेरे भाई ने बताया कि उसके परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उसकी एक बेटी का विवाह 25 जून को होना है।

उसने बताया कि राममिलन की पत्नी लंबे समय से लकवाग्रस्त है और परिवार आर्थिक समस्याओं का भी सामना कर रहा है।

छतरपुर जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया, ‘‘हमारे पास गंभीर अवस्था में 42 वर्षीय एक व्यक्ति को लाया गया, जिसने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपने गुप्तांग का आधा हिस्सा काट दिया था। उसे अस्पताल में भर्ती किया गया और उसका उपचार किया जा रहा है।’’

महाराजपुर थाना प्रभारी डी. के. सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है, लेकिन फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

उन्होंने कहा कि मामले की तहरीर आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं ब्रजेन्द्र नेत्रपाल सुभाष

सुभाष