Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

मप्र में बदला मौसम का मिजाज, रविवार को भी हल्की बारिश का अनुमान

भोपाल, 31 मई (भाषा) पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आने वाली नमी के प्रभाव से मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार देर रात हल्की बारिश हुई और लोगों को लू की स्थिति से राहत मिली है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

पच्चीस मई के बाद से उत्तरी और मध्य भारत में गर्मी का सबसे भीषण दौर माने जाने वाले नौ दिन की अवधि 'नौतपा' के दौरान लोगों को मौसम में हुए इस बदलाव से राहत मिली है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के ड्यूटी अधिकारी एच.एस. पांडे ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा कि सागर संभाग को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और अरब सागर से नमी आने के कारण मौसम में बदलाव हुआ है, जिससे राज्य लू की चपेट से बाहर निकल आया है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है।

अधिकारी के अनुसार खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, धार, अलीराजपुर, झाबुआ, सिवनी, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल और डिंडोरी जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

पांडे ने बताया कि मौसम में यह बदलाव शनिवार मध्यरात्रि के बाद शुरू हुआ, जब भोपाल में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण पेड़ों की शाखाएं टूट गईं और राज्य की राजधानी के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

आईएमडी के अनुसार, मध्यरात्रि के बाद सीहोर जिले में सबसे अधिक 94 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा दर्ज की गई। इसके बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई।

भाषा

ब्रजेन्द्र रवि कांत