Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

उप्र : शाहजहांपुर में रामगंगा नदी में डूबने से दो लड़कों की मौत

शाहजहांपुर, 31 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में रामगंगा नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दो लड़कों की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सर्वज्ञ (15) और उत्कर्ष (16) के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी हरदोई जिले के रूपापुर क्षेत्र स्थित एक चीनी मिल में कार्यरत कर्मचारियों के बेटे थे।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि यह घटना शनिवार को अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में हुई। दोनों लड़के अपने एक मित्र के साथ स्कूटर से रामगंगा नदी पर गए थे।

पुलिस के अनुसार, सर्वज्ञ और उत्कर्ष नदी में नहाने के लिए उतरे थे, लेकिन वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

उनके साथी काव्य ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया, लेकिन दोनों लड़कों का पता नहीं चल सका। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम को भी बचाव अभियान में लगाया गया।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह दोनों लड़कों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत