Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

असम मंत्रिपरिषद का पांच जून को विस्तार होगा: हिमंत

(फाइल फोटो के साथ जारी)

गुवाहाटी, 31 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि पांच जून को उनकी मंत्रिपरिषद का विस्तार होगा और नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

शर्मा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। शर्मा के शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य शीर्ष गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए थे।

मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, असम गण परिषद के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरन बोरो शामिल थे।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि असम सरकार की मंत्रिपरिषद का विस्तार पांच जून, 2026 को किया जाएगा।’’

उन्होंने मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने वाले नए मंत्रियों की संख्या या उनके नामों का उल्लेख नहीं किया।

जिन मंत्रियों ने 12 मई को पदभार संभाला था, उनमें से नियोग, बोरा और बोरो पिछली मंत्रिपरिषद में भी थे जबकि पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री तेली को विधानसभा में वापसी के बाद पहली बार राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

असम गण परिषद के अध्यक्ष बोरा को असम समझौते के क्रियान्वयन, सीमा सुरक्षा एवं विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आबकारी विभागों की जिम्मेदारी दी गई।

पूर्व वित्त मंत्री नियोग को पर्यटन और महिला एवं बाल कल्याण विभागों का प्रभार दिया गया है।

बोरो को परिवहन और बोडोलैंड कल्याण विभागों की जिम्मेदारी दी गई, जबकि तेली को परिवर्तन एवं विकास, श्रम कल्याण तथा चाय जनजाति एवं आदिवासी कल्याण विभागों का प्रभार सौंपा गया।

अब तक आवंटित नहीं किए गए सभी अन्य विभाग मुख्यमंत्री के पास हैं।

भाजपा के नेतृत्व वाला राजग राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में आया है। इसने 126 सदस्यीय विधानसभा में कुल 102 सीट हासिल कीं। भाजपा ने नौ अप्रैल को हुए चुनाव में 82 सीट जीतीं, जबकि इसके सहयोगी दलों असम गण परिषद और बीपीएफ ने 10-10 सीट पर पर जीत दर्ज की।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल