Breaking News

जम्मू-कश्मीर: राजौरी में आतंकवादियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन 10वें दिन भी जारी     |   लखनऊः यूपी बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित करेंगे CM योगी     |   पश्चिम बंगाल: महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा आज से हो रही शुरू     |   बिहार विधान परिषद की 10 सीटों के लिए आज से शुरू होगी नामांकन की प्रक्रिया     |   बिहार, झारखंड, ओडिशा में 6 जून तक बारिश का अलर्ट, महाराष्ट्र-गुजरात में भी बरसेंगे बादल     |  

असम मंत्रिपरिषद का पांच जून को विस्तार होगा: हिमंत

गुवाहाटी, 31 मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि अगले सप्ताह नए मंत्रियों के शपथ लेने के साथ उनके मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जाएगा।

शर्मा को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य द्वारा 12 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलायी गई थी। शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)-शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य शीर्ष गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

मुख्यमंत्री के साथ चार अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ली थी। इनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अजंता नियोग और रामेश्वर तेली, असम गण परिषद के अतुल बोरा और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के चरन बोरो शामिल थे।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि असम सरकार की मंत्रिपरिषद का विस्तार पांच जून, 2026 को किया जाएगा।”

उन्होंने मंत्रिपरिषद में शामिल किए जाने वाले नए मंत्रियों की संख्या या उनके नामों का उल्लेख नहीं किया।

भाजपा के नेतृत्व वाला राजग राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में आया है। उसने 126 सदस्यीय विधानसभा में कुल 102 सीट हासिल कीं। भाजपा ने नौ अप्रैल को हुए चुनाव में 82 सीट जीतीं, जबकि उसके सहयोगी दलों असम गण परिषद और बीपीएफ ने 10-10 सीट पर जीत दर्ज की।

भाषा सिम्मी अमित

अमित