Breaking News

नेपाल के गृहमंत्री सुदन गुरूंग ने अपने पद से दिया इस्तीफा     |   ईरान-अफगानिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, सीजफायर और क्षेत्रीय हालात पर हुई चर्चा     |   कल शाम 4 बजे जारी होगा यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट     |   I-PAC रेड केस: SC में बंगाल सरकार का पक्ष- ‘ED को जांच का मौलिक अधिकार नहीं’     |   ईरानी मिलिट्री और पुलिस को नहीं मिल रही सैलरी- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप     |  

सिक्किम के मुख्यमंत्री ने सिविल सेवा दिवस पर लोक सेवकों को बधाई दी

गंगटोक, 21 अप्रैल (भाषा) सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने मंगलवार को सिविल सेवा दिवस के अवसर पर लोक सेवकों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका समर्पण शासन की रीढ़ बना हुआ है।

केंद्र सरकार हर साल 21 अप्रैल को 'सिविल सेवा दिवस' के रूप में मनाती है, ताकि लोक सेवक नागरिकों के हित के प्रति स्वयं को फिर से समर्पित कर सकें और सार्वजनिक सेवा और कार्य में उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को नए सिरे से जता सकें।

तमांग ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के अवसर पर, मैं सिक्किम के सभी लोक सेवा कर्मियों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’

उन्होंने कहा, “जैसा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने कहा था, लोक सेवक भारत का ‘इस्पात ढांचा’ होते हैं। आपका समर्पण शासन की रीढ़ है, जो नीतियों को हमारे लोगों के लिए वास्तविक प्रभाव में बदलता है।”

सिविल सेवा दिवस 21 अप्रैल को मनाया जाता है क्योंकि स्वतंत्र भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 1947 में आज के दिन ही दिल्ली में प्रशासनिक सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को संबोधित किया था।

तमांग ने कहा, “मैं सभी अधिकारियों से आग्रह करता हूं कि वे लोक सेवा में सत्यनिष्ठा, पेशेवर कार्यशैली और जवाबदेही के उच्चतम मानकों को बनाए रखें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कार्य विश्वास को मजबूत करे और हमारे नागरिकों के लिए सार्थक परिणाम प्रदान करे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रत्येक लोक सेवक के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं और आइए मिलकर एक पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रगतिशील सिक्किम का निर्माण जारी रखें।”

भाषा तान्या वैभव

वैभव