Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

महिला आरक्षण पर विपक्ष का रवैया उसे भारी पड़ेगा : नकवी

(फाइल फोटो के साथ)

लखनऊ, 20 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों के रवैये की आलोचना करते हुए दावा किया कि महिला आरक्षण कानून में सुधार को रोकने की कोशिशें आखिरकार विपक्ष के लिये ही राजनीतिक रूप से नुकसानदेह साबित होंगी।

नकवी ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में विपक्ष पर 'ध्यान भटकाने वाली और नकारात्मक राजनीति' करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो दल महिला आरक्षण कानून में संशोधन का विरोध कर रहे हैं या इस पर सवाल उठा रहे हैं उन्होंने एक 'सेल्फ-गोल' (खुद को नुकसान) कर लिया है, क्योंकि ऐसे कार्यों से उनकी राजनीतिक विश्वसनीयता को ठेस पहुंचेगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने महिला आरक्षण के ढांचे में प्रस्तावित बदलावों से जुड़े घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी 'तकनीकी रुकावट' को बड़े उद्देश्य की हार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार महिला आरक्षण कानून में सुधार को लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

भाषा सलीम राजकुमार

राजकुमार