Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

भाजपा ने आप के सभी अच्छे कार्य रोके, तमिलनाडु को राजग को वोट देने पर पछतावा होगा: केजरीवाल

चेन्नई, 20 अप्रैल (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि अगर तमिलनाडु के लोगों ने 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट दिया तो उन्हें ‘‘पछतावा’’ होगा।

केजरीवाल ने कहा कि इस राज्य का भी वही हाल होगा जो दिल्ली का हुआ, जहां भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) के ‘‘सभी अच्छे कामों को रोक दिया।’’

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन के साथ एक रोडशो को संबोधित करते हुए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि तमिलनाडु भाजपा को नहीं चाहता।

एक प्रचार वाहन में स्टालिन के बगल में खड़े केजरीवाल ने कहा, “अन्नाद्रमुक ने तमिलनाडु में भाजपा को लाकर सबसे बड़ा अपराध किया है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक साल पहले, लोगों ने भाजपा को वोट देकर गलती की और अब दिल्ली में हमने जो भी अच्छे काम किए थे, उन्हें भाजपा ने रोक दिया है। दिल्ली में हमने जो स्कूल, क्लीनिक, अस्पतालों में मुफ्त दवा और इलाज शुरू किए थे, मुफ्त बिजली और मुफ्त पानी, ये सब भाजपा ने बंद कर दिए हैं।”

आम आदमी पार्टी के नेता ने आगाह करते हुए कहा, 'चाहे लोग भाजपा को वोट दें, अन्नाद्रमुक (आल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम) को या राजग को, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि अगर राजग चुनाव जीतता है तो स्टालिन ने तमिलनाडु में जो भी अच्छे काम शुरू किए हैं, वे सब रुक जाएंगे और आपको पछतावा होगा।'

उन्होंने कहा, 'इसलिए, अगर आप इन अच्छे कामों को जारी रखना चाहते हैं, तो मैं आपसे स्टालिन साहब और द्रमुक को वोट देने का अनुरोध करता हूं। उन्होंने (स्टालिन ने) तमिलनाडु में बहुत विकास कार्य किए हैं। यह विकास जारी रहना चाहिए। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ उनकी आवाज बुलंद है और वह एक मजबूत आवाज हैं।'

केजरीवाल ने कहा, 'स्टालिन ना केवल तमिलनाडु के लिए बल्कि देश के लिए भी लड़ रहे हैं। उन्होंने परिसीमन विधेयक को पारित नहीं होने दिया, जिससे हमारा लोकतंत्र पूरी तरह नष्ट हो जाता और उन्होंने मोदी के खिलाफ खड़े होकर तमिलनाडु की जनता के लिए लड़ाई लड़ी।’’

आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि अगर अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाला राजग तमिलनाडु में जीतता है, तो तमिलनाडु का भी वही हाल होगा जो बिहार का हुआ है, जहां मुख्यमंत्री को सांसद बना दिया गया है।

उन्होंने दावा किया कि अन्नाद्रमुक ने भाजपा को तमिलनाडु में लाकर 'सबसे बड़ा अपराध' किया है। उन्होंने कहा, 'भाजपा तमिलनाडु पर कब्जा करना चाहती है, लोग भाजपा से नफरत करते हैं। वे भाजपा को यहां नहीं चाहते। राजग का मतलब नयी दिल्ली गठबंधन है। राजग सिर्फ भाजपा है, और अन्नाद्रमुक भाजपा के चंगुल में है।' आप नेता ने थिरु वी का नगर विधानसभा क्षेत्र के पुलियानथोपे और आर के नगर विधानसभा क्षेत्र के आर के नगर थाना क्षेत्र में रोड शो के दौरान यह बात कही।

केजरीवाल ने कहा कि तमिलनाडु को स्टालिन जैसा नेता नहीं मिलेगा, जिन्होंने राज्य में बहुत अच्छा काम किया है और अन्य मुख्यमंत्रियों के विपरीत, उनमें अहंकार नहीं है। केजरीवाल ने कहा, “वह जनता के नेता हैं, आपके नेता हैं। देश में कोई भी राज्य द्रमुक सरकार की तरह 13.1 करोड़ महिलाओं को 1,000 रुपये मासिक अनुदान, उच्च शिक्षा अनुदान और स्कूली छात्रों के लिए नाश्ता योजना जैसी सुविधाएं नहीं देता है। अगर गलती से भी आपने राजग को वोट दिया, तो विकास नहीं होगा। अगर आप तमिलनाडु का विकास जारी रखना चाहते हैं, तो स्टालिन का जमकर समर्थन करें। मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी चुनाव में वह भारी बहुमत से जीतेंगे।”

रोडशो में स्टालिन ने भाजपा की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि केजरीवाल के खिलाफ मामले “झूठे” हैं।

भाषा अमित संतोष

संतोष