Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

1,825 करोड़ रुपये की जीएसटी रिफंड धोखाधड़ी मामले में कपिल चुघ गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) जीएसटी आसूचना महानिदेशालय (डीजीजीआई) के अधिकारियों ने 1,825 करोड़ रुपये के जीएसटी रिफंड घोटाले के आरोप में कपिल चुघ को गिरफ्तार कर लिया। वित्त मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि महानिदेशालय की अहमदाबाद क्षेत्रीय शाखा ने चुघ को 19 अप्रैल को दुबई से लौटते समय इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया।

चुघ, जीएसटी रिफंड घोटाले का कथित तौर पर मुख्य साजिशकर्ता है और कई अन्य आर्थिक आपराधिक मामलों में भी वांछित है।

निदेशालय ने बताया, “चुघ जांच से बचता रहा और अहमदाबाद स्थित महानिदेशालय शाखा द्वारा जारी किए गए कई समन (कुल 22) का जवाब नहीं दिया और कभी जांच में शामिल नहीं हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 1,825 करोड़ रुपये के जीएसटी रिफंड घोटाले को अंजाम देने के बाद वह दुबई भाग गया था।”

मामले की जांच से पता चला कि चुघ ने अपने सहयोगी विपिन शर्मा के साथ मिलकर ‘इनपुट टैक्स क्रेडिट’ (आईटीसी) का फर्जी तरीके से लाभ उठाने और ‘शून्य-रेटेड’ आपूर्ति के नाम पर रिफंड दावों के जरिए इसे भुनाने की कोशिश की।

मंत्रालय ने बताया, “कपिल चुघ इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार और आदतन आर्थिक अपराधी है, जो फर्जी फर्मों, कर्मचारियों और करीबी सहयोगियों के जरिए इसे नियंत्रित करता था।”

ये संस्थाएं लोगों से लिए गए केवाईसी दस्तावेजों का उपयोग कर बनाई गई थीं और घोषित परिसरों में ये निष्क्रिय पाई गईं या इनमें बुनियादी ढांचे, जनशक्ति और वास्तविक व्यावसायिक गतिविधि का अभाव था।

भाषा जितेंद्र अविनाश

अविनाश