Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

बहुमंजिला इमारत से कूदकर दिल्ली उच्च न्यायालय के वकील ने आत्महत्या की

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में स्थित एक होटल की 15वीं मंजिल से कथित तौर पर कूद कर 26 वर्षीय वकील ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस को रॉयल प्लाजा होटल में हुई इस घटना की सूचना रविवार रात करीब सवा नौ बजे दी गई।

मृतक की पहचान दिल्ली उच्च न्यायालय के अधिवक्ता राजेश सिंह के रूप में हुई है, जो उसी दिन शाम में होटल में ठहरने आया था।

पुलिस के एक बयान के मुताबिक, पुलिस दल ने होटल पहुंच कर पाया कि महावीर एनक्लेव निवासी सिंह ने इमारत की 15वीं मंजिल से कथित तौर पर छलांग लगा दी थी।

इसमें कहा गया है कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है तथा परिजनों के बयान के अनुसार इस मामले में किसी साजिश का शक नहीं है। पुलिस के मुताबिक, मृतक कमरे में अकेला ठहरा हुआ था।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद उसे तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के लिए अपराध दल और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के दल बुलाए गए। साक्ष्य इकट्ठा किए गए तथा होटल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।

जांच से जुड़े एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें वकील ने किसी को दोषी नहीं ठहराया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित कुछ मुद्दों को लेकर अवसाद में था। मामले की आगे की जांच जारी है। संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जा रही है।

भाषा नोमान नोमान दिलीप

दिलीप