Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

उप्र: लू का प्रकोप जारी, प्रयागराज में सबसे अधिक रहा अधिकतम तापमान

लखनऊ, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है और पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से जबरदस्त तपिश और लू की चपेट में रहे। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश मंडलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया और लू चलने से लोग बेहाल रहे।

रिपोर्ट में बताया गया, इस अवधि के दौरान प्रयागराज में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अन्य जिलों के मुकाबले सबसे अधिक था।

इसके अलावा, वाराणसी में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, सुलतानपुर में 43.3 डिग्री और बांदा में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है जबकि लखनऊ और आस-पास के इलाकों में आसमान साफ रहने व भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश में दिन के समय कुछ स्थानों पर लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

इसके अलावा, राज्य के पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर रात के समय भी गर्मी बरकरार रहने का अनुमान है।

भाषा सलीम जितेंद्र

जितेंद्र