Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

छात्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर महिला कॉलेज की छात्राओं का प्रदर्शन

जम्मू, 20 अप्रैल (भाषा) पिछले सप्ताह चलती बस से गिरकर एक छात्रा की जान जाने के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को यहां गांधी नगर स्थित सरकारी महिला कॉलेज की सैकड़ों छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

गांधी नगर स्थित सरकारी महिला कॉलेज (जीसीडब्ल्यू) की चौथे सेमेस्टर की छात्रा अंजलि चौधरी की बृहस्पतिवार को उस समय मौत हो गई थी, जब वह कॉलेज पिकनिक के लिए पटनीटॉप जा रही थी और उधमपुर में गलती से चलती बस से नीचे गिर गई।

विरोध कर रही छात्राओं ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और व्यस्त सड़क पर धरने पर बैठ गईं। छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए छात्रा की मौत के लिए कथित लापरवाही के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

छात्राओं ने संबंधित शिक्षकों के निलंबन की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

उन्होंने कॉलेज प्रशासन से उनकी चिंताओं पर ध्यान देने की भी अपील की।

प्रदर्शनकारी एक छात्रा ने पत्रकारों से कहा, 'हम चाहते हैं कि शिक्षक यहां आएं, लेकिन वे हमसे बात करने बाहर नहीं आ रहे हैं। हम प्रशासन से कार्रवाई और न्याय की मांग करते हैं। अंजलि की मौत के पीछे की लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। हम उनका निलंबन चाहते हैं।'

इस प्रदर्शन के कारण राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर आवाजाही बहाल कराई।

भाषा सुमित नरेश

नरेश