Breaking News

हिज्बुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों पर हुए ड्रोन हमले की जिम्मेदारी ली     |   वाराणसी: जल निगम की पाइपलाइन में लगी भीषण आग     |   गुजरात में भूकंप के झटके, 3.4 मापी गई तीव्रता     |   उत्तराखंड: धामी सरकार ने 28 अप्रैल को बुलाया विशेष सत्र, नारी वंदन अधिनियम पर होगी चर्चा     |   विधानसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक 1000 करोड़ की शराब और कैश जब्त     |  

टी20 में निरंतरता से ज्यादा प्रभावी प्रदर्शन की अहमियत: बदानी

हैदराबाद, 20 अप्रैल (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच हेमांग बदानी ने अपने बल्लेबाजों के मैच जिताने वाले प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सोमवार को कहा कि टी20 क्रिकेट में निरंतरता से ज्यादा “इम्पैक्ट (प्रभावी प्रदर्शन)” मायने रखता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कप्तान अक्षर पटेल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मंगलवार को खेले जाने वाले मुकाबले के लिए पूरी तरह फिट हैं।

बदानी ने दिल्ली की बल्लेबाजी में कथित अस्थिरता को लेकर उठ रही चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि कुछ झटके लगे हैं, लेकिन टीम अपनी प्रक्रिया से संतुष्ट है।

उन्होंने सनराइजर्स के खिलाफ मैच से पहले कहा, “संक्षेप में कहूं तो यह प्रारूप निरंतरता पर नहीं, बल्कि प्रभाव पर आधारित है। सही समय पर मौके को भुनाना और आगे बढ़कर जिम्मेदारी लेना ही असली बात है और मुझे लगता है कि हमने ऐसा किया है।”

उन्होंने कहा कि टीम लगातार अपनी प्रक्रिया पर कायम रही है।

भारत के इस पूर्व बल्लेबाज ने कहा, “नतीजे आएंगे या नहीं आएंगे, लेकिन जिस तरह से हम आगे बढ़ रहे हैं, उससे हम खुश हैं। जिन दो हार की बात हो रही है, उनमें से एक में डेविड मिलर के उस एक रन वाले मुकाबले में हालात अलग हो सकते थे।”

बदानी ने सत्र की शानदार शुरुआत के बाद पिछले कुछ मैचों में लचर प्रदर्शन करने वाले समीर रिजवी का समर्थन करते हुए कहा, “अगर कोई खिलाड़ी आपको अकेले दम पर दो मैच जिता चुका है और इस सत्र में दो बार ‘मैन ऑफ द मैच’ रहा है, तो मैं उससे संतुष्ट हूं। पिछले साल भी उसके खाते में तीन ‘मैन ऑफ द मैच’ थे।”

कप्तान अक्षर पटेल की फिटनेस पर उन्होंने साफ कहा, “सब कुछ ठीक है, वह खेलने के लिए फिट हैं।”

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर