Breaking News

परिसीमन, महिला आरक्षण बिल पर कानून मंत्री ने पुरानी बातों को दोहराया: गौरव गोगोई     |   ‘कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक के साथ’, लोकसभा में सांसद गौरव गोगोई ने कहा     |   लोकसभा: ‘परिसीमन बिल के साथ महिला आरक्षण विधेयक को ना जोड़ें’, बोले गौरव गोगोई     |   नोएडा हिंसक प्रदर्शन: तीन महिला कार्यकर्ता गिरफ्तार, भीड़ को उकसाने में थीं शामिल     |   IRCTC घोटाला: लालू परिवार के खिलाफ अब 6 मई को आएगा फैसला     |  

महाराष्ट्र: अकोला के राजस्व अधिकारी पर स्टोन क्रेशर के मालिक से जबरन वसूली का मामला दर्ज

अकोला, 15 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अकोला जिले के एक अतिरिक्त कलेक्टर के खिलाफ स्टोन क्रशर के एक मालिक से कथित तौर पर पैसे वसूलने और अन्य ऐसे व्यापारियों को निशाना बनाने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एमआईडीसी थाने में सोमवार को आरोपी प्रमोद राहुल गायकवाड़ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

हालांकि अधिकारी ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज कर दिया।

गायकवाड़ के खिलाफ कार्रवाई स्टोन क्रशर एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष की शिकायत पर की गई।

शिकायतकर्ता ने दावा किया कि अधिकारी ने उनसे 15,000 रुपये मासिक भुगतान की मांग की, साथ ही एसोसिएशन के अन्य सदस्यों में से प्रत्येक से 5,000 रुपये की मांग की।

उन्होंने कहा कि अधिकारी ने कथित तौर पर धमकी दी थी कि अगर उसकी मांग पूरी नहीं हुईं तो वह विभिन्न्न स्टोन क्रशर के खिलाफ कार्रवाई करेगा और इसके बाद शिकायतकर्ता से 15,000 रुपये ले लिए गए।

अधिकारी ने बताया कि इससे पहले अकोला जिला खनन एवं क्रशर उद्यमी संघ ने भी गायकवाड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जबरन वसूली और आपराधिक धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने दावा किया कि सरकार ने गायकवाड़ को अनिवार्य अवकाश पर भेज दिया है और इस मामले में जांच की जा रही है।

भाषा यासिर मनीषा

मनीषा