Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक स्थगित     |   जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव     |   दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य     |   कर्नाटक में विभागों का बंटवारा, सीएम शिवकुमार ने अपने पास रखा वित्त विभाग     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |  

मुंबई के कुर्ला में भारी बारिश के बीच बड़ा हादसा, भूस्खलन में 6 लोगों की मौत, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार (12 अगस्त) तड़के बड़ा हादसा हो गया। कुर्ला के चिराग नगर इलाके में भूस्खलन के चलते पहाड़ का एक हिस्सा चॉल पर जा गिरा। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

यह हादसा गौसिया चॉल, राठौड़ मेडिकल के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के कारण पहाड़ी का हिस्सा अचानक खिसक गया और चॉल इसकी चपेट में आ गई। घटना की सूचना मिलते ही BMC फायर ब्रिगेड, पुलिस, NDRF, 108 एंबुलेंस, बिजली वितरण कंपनी और BMC वार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

BMC के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन की सूचना मिली थी। इसके बाद से मलबा हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। DCP गणेश शिंदे ने बताया कि बारिश के कारण घाटकोपर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ। उन्होंने कहा कि अब तक दो शव बरामद किए गए थे और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी था। अभियान में BMC, NDRF समेत अन्य एजेंसियों के अधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात हैं।हालांकि, बाद में हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 होने की जानकारी सामने आई। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहा है।

भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में NDRF और स्थानीय प्रशासन की ओर से पहले से ही लोगों को सतर्क किया जा रहा है। प्रशासन लोगों से ऐसे असुरक्षित और पहाड़ी इलाकों में बने घरों में रहने से बचने की अपील करता रहा है। इसके बावजूद कई लोग इन इलाकों में बने अस्थायी और अवैध मकानों में रहने को मजबूर हैं। भारी बारिश के दौरान ऐसे कमजोर निर्माणों के लिए खतरा और बढ़ जाता है।

मुंबई में लगातार मानसूनी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मुंबई के उपनगरों में मंगलवार सुबह तक बारिश का आंकड़ा 2,000 मिमी के पार पहुंच गया था।लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।