Breaking News

अमृतसर: अजनाला में 3 हैंड ग्रेनेड और RDX बरामद     |   अफगानिस्तान ने पाकिस्तान के कई सैनिकों को बंदी बनाने का दावा किया     |   अहमदाबाद में हो सकते हैं 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स, 26 नवंबर को होगा फैसला     |   तमिलनाडु: AIADMK कल विधानसभा में कोल्ड्रिफ और किडनी रैकेट का मुद्दा उठाएगी     |   पाकिस्तान, अफगानिस्तान 48 घंटे के अस्थायी युद्धविराम पर सहमत     |  

गाजियाबाद: नोरा फतेही जैसी दिखने के लिए पत्नी से जबरन कराता था घंटों व्यायाम, मुकदमा दर्ज

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक अजीबोगरीब मामले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही की तरह दिखने के लिए जबरन घंटों तक सख्त व्यायाम कराने और इससे इनकार करने पर खाना नहीं देने और दहेज उत्पीड़न के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है।

उन्होंने बताया कि महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसकी शादी छह महीने पहले हुई थी। उसके परिवार ने शादी पर 76 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किये थे। इसके बावजूद उसका पति और ससुराल के अन्य लोग उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। साथ ही महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसकी शारीरिक बनावट को लेकर लगातार ताने मारता था और वह उसे ‘‘मोटी और बदसूरत’’ भी कहता था। उसका पति एक सरकारी स्कूल में शारीरिक शिक्षा का अध्यापक है।

शिकायत में कहा गया है कि उसका पति और ससुराल वाले उससे कथित तौर पर रोजाना तीन घंटे कसरत करने की मांग करते थे और अगर वो ऐसा नहीं करती तो उसे खाना नहीं देते थे। उसने अपने पति पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। सहायक पुलिस आयुक्त सलोनी अग्रवाल ने पुष्टि की कि महिला थाने में शिकायत दर्ज की गई है।

उन्होंने गुरुवार को बताया, ‘‘शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि उसका पति और ससुराल वालों ने उसे तरह-तरह से परेशान किया। उसका पति उससे कहता था कि वह अपनी शारीरिक बनावट नोरा फतेही जैसी बनाये और वह उसके जैसी दिखे। इसके लिए उसे घंटों व्यायाम करने के लिए मजबूर किया जाता था और अगर वह व्यायाम करने से इनकार करती थी तो उसे खाना नहीं दिया जाता था।’’

उन्होंने बताया कि महिला ने ये भी दावा किया है कि उसका पति अक्सर इंटरनेट पर महिलाओं के ‘आपत्तिजनक वीडियो’ देखता था। वह अक्सर उससे मारपीट भी करता था। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।