Breaking News

PM आवास प्रोटेस्टः राहुल गांधी और अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया     |   मध्य प्रदेश विधानसभा से पारित हुआ UCC बिल, CM मोहन यादव बोले- ऐतिहासिक पल     |   राहुल-प्रियंका प्रधानमंत्री आवास के करीब धरने पर बैठे, खड़गे समेत कई कांग्रेस सांसद मौजूद     |   सोनम वांगचुक को तुरंत शिफ्ट करें: दिल्ली हाईकोर्ट     |   राहुल गांधी से बात करने के बाद अमित शाह से मिलने पहुंचे जितेंद्र सिंह, गृह सचिव भी साथ     |  

UP: होने वाले दामाद के साथ भागने वाली महिला का प्रेमी के साथ सरेंडर, कहा- रिश्ते खत्म नहीं करेगी

सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने और पूरे गांव को सकते में डालने वाले 10 दिन के किस्से का नाटकीय अंत हो गया। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 10 दिन से गायब 39 साल की सपना और उसके 25 साल के प्रेमी राहुल ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। राहुल की शादी सपना की बेटी से होने वाली थी, लेकिन शादी से कुछ ही दिनों पहले वो अपनी होने वाली सास के साथ गायब हो गया।

सरेंडर करने के बाद भी सपना इस बात पर अड़ी हुई थी कि राहुल के साथ रिश्ते खत्म करने का उसका कोई इरादा नहीं है। राहुल ने कहा कि वो अपनी होने वाली सास की इस बात से पिघल गया था कि उसका पति उसे प्रताड़ित करता है। 

सपना के परिवार ने मांग की है कि वो सारे पैसे और गहने लौटाए, जिसे वो राहुल के साथ भागते समय कथित तौर पर ले गई थी। इतना सबकुछ होने के बाद भी सपना के पति ने उसे तलाक देने से इंकार कर दिया है। होने वाले दामाद के साथ भागने वाली सपना के साथ उसके परिवार ने दूरी बना ली है।

दोनों छह अप्रैल को भाग गए थे। इससे काफी सनसनी फैली थी और तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे, खास कर जब बमुश्किल दस दिन बाद पड़ोसी गांव के राहुल से सपना की बेटी की शादी होने वाली थी। सपना के गायब होने के बाद उसके घर वालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहां पता चला कि होने वाला दामाद भी गायब है।

पुलिस ने बताया कि दोनों नेपाल भागने की योजना बना रहे थे, लेकिन मुखबीरों और तकनीकी निगरानी से जानकारी मिलने के बाद उन्होंने वापस लौटने और आत्मसमर्पण करने का फैसला किया।