Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

उत्तराखंड: एअर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से बेंगलुरू के लिए सीधी उड़ान सेवा की शुरू

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून से बेंगलुरू के लिए अपनी सीधी उड़ान सेवा शुरू की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर नई हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के समग्र विकास और हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में एक अहम मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा, ‘‘देहरादून से एअर इंडिया एक्सप्रेस सेवाओं की शुरुआत हमारे राज्य के लिए नागर विमानन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। बेंगलुरू के साथ बेहतर संपर्क उत्तराखंड में पर्यटन, व्यापार और निवेश के मौकों को काफी बढ़ावा देगा।’’ उन्होंने कहा कि एअर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा देहरादून और बेंगलुरू के बीच सीधी हवाई सेवा उत्तराखंड के युवाओं, उद्यमियों, आईटी पेशेवरों, छात्रों और पर्यटकों के लिए भी एक बड़ी सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बेंगलुरू देश की आईटी राजधानी है और उत्तराखंड के हजारों युवा वहां शिक्षा, सेवाओं और स्टार्टअप में काम कर रहे हैं। अब, उनके पास अपने गृह राज्य जाने के लिए अधिक सुविधाजनक, समय पर और सुरक्षित यात्रा विकल्प होगा।’’ धामी ने कहा, ‘‘ये भारत के सबसे गतिशील शहरों में से एक के साथ छात्रों, पेशेवरों और उद्यमियों के लिए संपर्क सुविधा को भी मजबूत करेगा। हम एअर इंडिया एक्सप्रेस का स्वागत करते हैं और इस संपर्क सुविधा से हमारे लोगों और अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले सकारात्मक असर की आशा करते हैं।’’

धामी ने कहा कि हाल के सालों में राज्य सरकार ने हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए नीतिगत सुधारों से लेकर बुनियादी ढांचे के विकास तक कई बड़े फैसले लिए हैं। एअर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने कहा, ‘‘हमें देहरादून से अपने सबसे बड़े घरेलू केंद्र, बेंगलुरू के लिए सीधी उड़ान सेवा शुरू करने की खुशी है। ये हमारे नेटवर्क के तेजी से विस्तार को दर्शाता है।’’