Breaking News

ED पर अटैक केस में शेख शाहजहां और आलमगीर की बेल याचिका खारिज     |   असम चुनाव: कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट     |   '2 मार्च से अबतक इजरायली हमलों में 1001 की मौत', लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा     |   NIA ने गुरुग्राम क्लब्स बमबारी केस में 9वें आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की     |   ‘ममता बनर्जी आज लोकतंत्र बचाने के लिए लड़ रहीं, हम उनके साथ’, बोले अरविंद केजरीवाल     |  

रामनगर कोर्ट परिसर में 'सुसाइड ड्रामा', पेशी के दौरान खाया जहर, जांच में हुआ बड़ा खुलासा

उत्तराखंड के रामनगर से एक चौकाने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक आरोपी द्वारा अपने एक 302 हत्या के मुकदमे में तारीक पर पेश होने के दौरान जहर खाने की सूचना सामने आई। इस घटना के बाद रामनगर कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस पूरे मामले में सीओ सुमित पांडे ने बताया कि आज कौशल चीलवाल नामक युवक, उम्र लगभग 25 वर्ष, की रामनगर न्यायालय में पेशी थी। इसी दौरान न्यायालय से पुलिस को सूचना मिली कि युवक ने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कौशल चीलवाल को रामनगर संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों द्वारा युवक से पूछताछ और आवश्यक प्राथमिक जांच की गई।

चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार के जहर सेवन की पुष्टि नहीं की है। डॉक्टरों का कहना है कि अब तक की जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवक द्वारा किसी प्रकार का विषैला पदार्थ नहीं खाया गया है और न ही उसने स्वयं जहर खाने की कोई पुष्टि की है। हालांकि एहतियातन कदम उठाते हुए युवक को आगे की विस्तृत चिकित्सकीय जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया जा रहा है। यह निर्णय पूरी सतर्कता के तहत लिया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से इंकार किया जा सके और चिकित्सकीय रूप से स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।

बता दें चीलवाल की आज न्यायालय में गंभीर धाराओं 300/302 से जुड़े मामले में पेशी थी। प्रारंभिक तौर पर ऐसा माना जा रहा है कि संभवतः आरोपी ने दबाव के चलते ऐसा कदम उठाने की कोशिश की हो। हालांकि, इस संबंध में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, कौशल चीलवाल का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उस पर रामनगर और कालाढूंगी क्षेत्र में कुल मिलाकर करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को पुलिस निगरानी में हल्द्वानी भेजा गया है और चिकित्सकीय जांच के बाद, अस्पताल से छुट्टी मिलने पर उसके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है और जांच प्रक्रिया जारी है।