Breaking News

स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ POCSO केस में FIR, BNS की 5 धाराओं के तहत मामला दर्ज     |   अफ्रीकी द्वीप देश केप वर्डे में सड़क हादसा, 25 लोगों की मौत     |   मणिपुर के चुराचांदपुर में एनकाउंटर, UKNA के 2 उग्रवादी ढेर     |   राम मंदिर चंदा चोरी मामले में 8 आरोपियों की बढ़ी मुश्किलें, 18 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में रहेंगे     |   PM मोदी कल मंत्रियों के साथ करेंगे रिव्यू मीटिंग, मंत्रालयों के कामकाज का लेंगे जायजा     |  

रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर, अलर्ट पर प्रशासन

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश का दौर जारी है। रुद्रप्रयाग शहर समेत ऊंचाई वाले इलाकों में भी बारिश हो रही है और आसमान घने बादलों से ढका हुआ है। लगातार बारिश के कारण अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और दोनों नदियां चेतावनी के स्तर के करीब पहुंच रही हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, गदेरों, नालों और अन्य जलस्रोतों के पास जाने से बचें। खासकर नदी किनारे रहने वाले लोगों को मौसम खराब रहने तक अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मौजूद छोटी-बड़ी ग्लेशियल झीलों की लगातार निगरानी की जा रही है। इनमें केदारनाथ और मध्यमहेश्वर क्षेत्र की झीलें भी शामिल हैं, जिन्हें संवेदनशील माना जाता है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि 2013 की केदारनाथ आपदा के बाद राज्य और केंद्र सरकार ने जिले में आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने पर काफी ध्यान दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य स्तर से समय पर अलर्ट मिलते हैं और स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर हिमालयी ग्लेशियरों की लगातार निगरानी करता है। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को समय रहते चेतावनी देना और किसी भी आपदा से निपटने के लिए मजबूत व्यवस्था बनाए रखना है। आपदा की जानकारी तुरंत जिला मुख्यालय पहुंचाने की व्यवस्था

प्रशासन ने भूकंप, भारी बर्फबारी, ग्लेशियर टूटने और बाढ़ जैसी आपात स्थितियों की जानकारी समय पर मिलने के लिए जरूरी उपकरण लगाए हैं। ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों से आपदा से जुड़ी कोई भी सूचना मिलने पर उसे तुरंत जिला मुख्यालय तक पहुंचाया जाता है। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी लगातार जारी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 सितंबर तक उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इनमें देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर शामिल हैं। इसके अलावा कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज से बहुत तेज बारिश होने की भी संभावना जताई गई है। बारिश के बीच रुद्रप्रयाग प्रशासन नदी और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।